Big News : Modi 3.0 : मोदी कैबिनेट में शामिल होने वाले सांसद का नाम आया सामने !, जानें किसकी लगने वाली है लॉटरी - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

Modi 3.0 : मोदी कैबिनेट में शामिल होने वाले सांसद का नाम आया सामने !, जानें किसकी लगने वाली है लॉटरी

Yogita Bisht
3 Min Read
modi 3.0

नरेंद्र मोदी आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी शाम सात बजे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ ही कैबिनेट के कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे। ऐसे में उत्तराखंड की नजर भी मोदी मंत्रिमंडल पर लगी हुई है। इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई है कि उत्तराखंड से एक सांसद मोदी कैबिनेट में शामिल होने वाले हैं। वो भी आज मंत्रिपद की शपथ लेंगे।

मोदी कैबिनेट में इन्हें मिलने जा रही जगह

मोदी कैबिनेट की पूरे देश में चर्चाएं हैं कि इसमें किसको जगह मिलने जा रही है। किन नए चेहरों को शामिल किया जाएगा और किन पुराने चेहरों को फिर से देखा जाएगा। इसी बात की चर्चाएं उत्तराखंड में भी हो रही हैं कि उत्तराखंड से किसे मोदी कैबिनेट में जगह मिलने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा से सांसद अजय टम्टा इस बार मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अजय टम्टा फिलहाल पीएम आवास की बैठक में मौजूद हैं।

2014 में रह चुके हैं केंद्रीय राज्य मंत्री

आपको बता दें कि साल 2014 में मोदी सरकार जब पहली बार केंद्र में आई थी तो अल्मोड़ा से सांसद अजय टम्टा को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप जगह मिली थी। उनका जन्म बागेश्वर जिले के भठ्ठखोला गांव में 1972 में हुआ था। अजय टम्टा ने छात्र राजनीति से पारंपरिक राजनीति में कदम रखा था। जिसके बाद वो अल्मोड़ा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष बने और 1996 में 25 साल की उम्र में सबसे युवा जिला पंचायत अध्यक्ष रहे। पहली बार उन्होंने 2002 में निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार गए।

लगातार तीसरी बार जीतकर संसद पहुंचे हैं टम्टा

साल 2007 और 2012 में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। साल 2009 में उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ा था। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वो कुछ समय के लिए समाज कल्याण मंत्री भी रहे। साल 2016 में वो मोदी मंत्रिमंडल में सिर्फ 44 साल की उम्र में केंद्रीय टेक्सटाइल राज्य मंत्री भी रहे।

बता दें कि साल 2014 में उन्होंने सांसद की सीट दो लाख से ज्यादा मतों से जीत कर रिकॉर्ड बनाया था। साल 2019 और साल 2024 में लोकसभा चुनावों में उन्हें एक बार फिर यहां से जीत हासिल हुई है। अजय टम्टा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीतकर संसद पहुंचे हैं।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।