Big News : बड़ी खबर। क्या उत्तराखंड कांग्रेस में कुछ बड़ा होने वाला है? गुटों में मची है रार - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

बड़ी खबर। क्या उत्तराखंड कांग्रेस में कुछ बड़ा होने वाला है? गुटों में मची है रार

Reporter Khabar Uttarakhand
4 Min Read
congress flag uttarakhand news

uttarakhand latest hindi news

 

क्या उत्तराखंड कांग्रेस में कुछ बड़ा होने वाला है। क्या पार्टी के गुटों में खिंची तलवारें जल्द ही म्यानों से बाहर भी निकल सकती हैं? ये वो सवाल हैं जो कांग्रेस के मौजूदा हालात और पार्टी आलाकमान के फैसलों के बाद उठ रहें हैं।

दरअसल मौजूदा विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद कांग्रेस पार्टी आलाकमान ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को हटा दिया। चूंकि इस बार पार्टी फिर से एक बार विधानसभा में विपक्ष में है लिहाजा नेता प्रतिपक्ष का चुनाव भी होना है।

कांग्रेस के प्रदेश नेताओं ने इसका जिम्मा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया था। रविवार रात पार्टी आलाकमान ने राज्य में कांग्रेस के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के नाम का ऐलान कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रानीखेत के पूर्व विधायक करण माहरा को दी गई है। इस बार करण माहरा अपना चुनाव हार गए हैं। वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का जिम्मा यशपाल आर्य को दिया गया है।

प्रीतम गुट नाराज!

इन दोनों नेताओं के नाम के ऐलान के बाद ही कांग्रेस में गुटबाजी सतह पर दिखने लगी है। सबसे पहले नाराजगी प्रीतम सिंह के समर्थकों में दिखाई पड़ी है। प्रीतम सिंह का कद कम किए जाने से उनके समर्थक नाराज दिख रहें हैं। दरअसल पिछली विधानसभा के दौरान प्रीतम सिंह नेता प्रतिपक्ष थे। माना जा रहा था कि इस बार भी उन्हें ही नेता प्रतिपक्ष बनाया जाएगा लेकिन पार्टी आलाकमान ने यशपाल आर्य के नाम का ऐलान कर दिया। ऐसे में प्रीतम सिंह के समर्थक खासे नाराज बताए जा रहें हैं। प्रीतम सिंह के कुछ समर्थकों ने अपनी नाराजगी को सोशल मीडिया पोस्ट्स में भी लिखा है। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रीतम सिंह के बीच हुए एक मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो गईं।

वहीं करण माहरा को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर भी कांग्रेस का एक धड़ा सवाल उठा रहा है। करण माहरा अपना मौजूदा चुनाव हारे हैं। वहीं इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष रहे गणेश गोदियाल भी अपना चुनाव हारे हैं। ऐसे में सवाल पूछे जा रहें हैं कि जब हारे हुए नेता को ही प्रदेश अध्यक्ष बनाना था तो गणेश गोदियाल में क्या बुराई थी।

गढ़वाल की उपेक्षा?

वहीं अब कांग्रेस में गढ़वाल की उपेक्षा की चर्चाएं भी उठ रहीं हैं। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के साथ ही उप नेता प्रतिपक्ष का पद भी कुमाउं के नेताओं को दे दिया है।

वहीं हरीश रावत भी पार्टी आलाकमान के इस फैसले से कोई अधिक खुश नहीं बताए जा रहें हैं। हरीश रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिसमें वो करण माहरा के साथ खड़े हैं बेहद अनमने ढंग के मीडिया के कैमरों का सामना कर रहें हैं। सवाल पूछे जाने पर हरीश रावत करण माहरा की तरफ से मुंह फेरते हुए किसी भी सवाल के लिए मना करते हुए कमरे से जाने लगते हैं।

फिलहाल कांग्रेस में अंदरखाने सब सही हो ऐसा लगता नहीं है। खासतौर पर प्रीतम गुट और हरीश रावत गुट के बीच कुछ बड़ा होने वाला है। प्रीतम सिंह भले ही अभी तक शांत दिख रहें हैं लेकिन बहुत दिनों तक शांत रहेंगे ऐसा लगता नहीं है।

Share This Article