Big News : उत्तराखंड में निकाय चुनावों के लिए शुरू हुआ मतदान, बूथों पर लगी लंबी कतारें - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड में निकाय चुनावों के लिए शुरू हुआ मतदान, बूथों पर लगी लंबी कतारें

Reporter Khabar Uttarakhand
2 Min Read
uttarakhand nikay chunav निकाय चुनाव

उत्तराखंड में निकाय चुनावों के लिए मतदान शुरू हो चुका है। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रहीं हैं। निकाय चुनावों में करीब 30 लाख 29 हजार मतदाता हैं।

बढ़ गई है मतदाताओं की संख्या

पिछली बार की तुलना में इस बार न सिर्फ मतदाताओं की संख्या बढ़ी है बल्कि निकायों की संख्या भी बढ़ गई है। इस बार कुल 11 नगर निगम हो गए हैं। वहीं पिछली बार की तुलना में तकरीबन साढ़े छह लाख मतदाता भी बढ़ गए हैं। अल्मोड़ा, श्रीनगर और पिथौरागढ़ नगर निगमों में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। पहले ये नगर पालिकाएं हुआ करती थीं।  

भारी सुरक्षा, नजर हर ओर

वहीं शासन ने चुनाव में शांति बनाए रखने के लिए 18 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। इनमें से 1120 पुलिस कर्मी हैं जबकि पीएसी की 24 कंपनियां, 4300 के करीब होमगार्ड, 2550 पीआरडी जवान और 300 वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही क्यूआरटी भी तैनात रहेगी।

11 नगर निगमों में 72 मेयर प्रत्याशी

उत्तराखंड में कुल 11 नगर निगमों में मेयर के लिए 72 प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि 89 नगर पालिका, नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 445 प्रत्याशी हैं। सभी निगम, पालिका, पंचायतों में वार्ड सदस्य/पार्षद के कुल 4,888 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं राज्य में कुल 1,516 मतदान केंद्र और 3,394 मतदेय स्थल हैं। इनमें 592 संवेदनशील और 412 अतिसंवेदनशील मतदेय स्थल शामिल हैं। 

Share This Article