Dehradun : उत्तराखण्ड : राज्यपाल ने किया रेडक्राॅस समिति वेब पोर्टल का उद्घाटन, नाराजगी की जाहिर - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

उत्तराखण्ड : राज्यपाल ने किया रेडक्राॅस समिति वेब पोर्टल का उद्घाटन, नाराजगी की जाहिर

Reporter Khabar Uttarakhand
5 Min Read
amit shah

amit shahदेहरादून : राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को राजभवन में भारतीय रेडक्राॅस समिति उत्तराखण्ड शाखा की आम सभा की बैठक की अध्यक्षता की। राज्यपाल ने रेडक्राॅस समिति उत्तराखण्ड के वेब पोर्टल का उद्घाटन किया। राज्यपाल ने रेडक्राॅस समिति को विवेकाधीन कोष से एक लाख रूपये की सहायता दी।

पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर की नाराजगी जाहिर

रेडक्राॅस प्रबंधन समिति की राज्य ईकाई के पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने उन्हें जिला स्तरीय समितियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिये। इस वर्ष भारत में रेडक्राॅस के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक वृहद राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजन करने के निर्देश भी दिये। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ सभी जनपदों में भी रेडक्राॅस के 100 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

रेडक्राॅस की मजबूती के लिये जिलाधिकारियों को विशेष रूचि लेनी चाहिये-राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि रेडक्राॅस की मजबूती के लिये जिलाधिकारियों को विशेष रूचि लेनी चाहिये। राज्यपाल ने रेडक्राॅस सेवा भाव का कार्य है, इसमें जुड़ने वालों को पद का लालच नहीं होना चाहिये। राज्यपाल ने रेडक्राॅस को रक्तदान तथा प्राथमिक उपचार(फस्र्ट एड)प्रशिक्षण शिविरों का अधिक से अधिक आयोजन करने को कहा। रेडक्राॅस द्वारा जनपदो में एक वर्ष आयु की बच्चियों और उनकी माओं को अच्छे स्वास्थ्य-लालन पालन श्रेणी में पुरस्कृत करने की योजना चलाने के निर्देश भी दिये।

राज्यपाल ने की नाराजगी जाहिर, दिए निर्देश

राज्यपाल ने जिन जनपदाें में रेडक्राॅस का स्वयं का कार्यालय भवन नहीं है उनके लिए संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बीते साल आम सभा की बैठक में तय हुआ था कि रेडक्राॅस की गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं में आवश्यक अधिमान अंक प्रदान किया जाये। इस संबंध में राज्य रेडक्राॅस समिति द्वारा शिक्षा विभाग को अत्यंत विलंब से पत्र प्रेषित किया गया है। जिस पर राज्यपाल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होने बैठक में मौजूद अपर सचिव शिक्षा को इस पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये। राज्य स्तरीय रेडक्राॅस शाखा द्वारा बिना सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त किये डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर वेतन सहित नियुक्ति करने के प्रकरण पर राज्यपाल ने 15 दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है।

देहरादून डीएम को इन्टर कालेजों के प्रधानाचार्यो के साथ बैठक करने के निर्देश

राज्यपाल ने नशा मुक्ति अभियान के लिए देहरादून डीएम को इन्टर कालेजों के प्रधानाचार्यो की एक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिये, जिसमें राज्यपाल भी प्रतिभाग करेंगी। राज्य स्तरीय रेडक्राॅस समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह कम से कम एक जनपद का भ्रमण कर वहां की जनपदीय शाखा से समन्वय करें।

जनपदीय टीमों और कार्यकर्ताओं को प्रशस्तिपत्र देकर किया सम्मानित

राज्यपाल द्वारा रेडक्राॅस में अच्छा कार्य कर रहीं जनपदीय टीमों और कार्यकर्ताओं को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालो में सबसे अच्छा सवयं सेवक श्रेणी में जनपद चमोली के मानवेन्द्र सिंह रावत, सबसे ज्यादा सदस्य पंजीकृत करने वाले स्वयं सेवक श्रेणी में जनपद चमोली के ललित चमोली, रेडक्रॅास सम्बन्धित गतिविधियों एवं जिला स्तरीय उत्कृष्ट जूनियर रेडक्राॅस टीम हेतु जनपद उत्तरकाशी रेडक्राॅस टीम, जिला स्तरीय उत्कृष्ट यूथ रेडक्राॅस टीम जनपद रुद्रप्रयाग, पूर्व में रु 1.00 लाख दानस्वरुप राज्य शाखा को देने वाले जनपद नैनीताल के विनोद तिवारी, रेडक्राॅस स्वंयसेवक द्वारा 500 से अधिक आजीवन सदस्य बनाये जाने के लिये जनपद बागेश्वर के आकाश सारस्वत, विगत 08 वर्षो से रेडक्राॅस सम्बन्धित कार्यो में विशेष योगदान के लिए जनपद पिथौरागढ़ से मनीश कसनियाल सम्मिलित है।

बैठक में राज्य शाखा द्वारा वित्तीय वर्ष 2019-20 का माह अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक का वास्तविक व्यय तथा माह फरवरी 2020 में मार्च 2020 तक अनुमानित आय-व्ययक प्रस्तुत किया गया। वर्ष 2019-20 के लिए समिति की वास्तविक आय 33.7 लाख रूपयें तथा व्यय लगभग 29 लाख रूपयें बताया गया। गत वर्ष के अवशेष को लेकर समिति की कुल जमाराशि लगभग 1 करोड़ 25 लाख रूपये है।

बैठक में सचिव राज्यपाल रमेश कुमार सुधांशु, सचिव स्वास्थ्य डाॅं. पंकज पाण्डेय, डी.एम. देहरादून आशीष श्रीवास्तव, राज्य प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के.एस. टोलिया, महासचिव डाॅं. एम.एस. अंसारी सहित सभी जनपदो से रेडक्राॅस समितियों के पदाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आदि उपस्थित थे।

Share This Article