Dehradun : उत्तराखंड: अभी नहीं बदलेगा BJP का कप्तान, चर्चाओं पर फुल स्टॉप! - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड: अभी नहीं बदलेगा BJP का कप्तान, चर्चाओं पर फुल स्टॉप!

Reporter Khabar Uttarakhand
2 Min Read
cabinet minister uttarakhand

cabinet minister uttarakhand

 

देहरादून: लंबे समय से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चाएं चल रही है। भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के उत्तराखंड दौरे को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थी कि वो कुछ फैसला कर सकते हैं। लेकिन, उनके दौरे के बाद उन्होंने जो कुछ कहा, उससे ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि फिलहाल भाजपा संगठन में बदलाव नहीं होने जा रहा है।

भाजपा उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने प्रदेश नेतृत्व में बदलाव पर पूर्ण विराम लगा दिया है। माना जा रहा है कि दिसंबर तक पार्टी में कोई फेरबदल नहीं होगा। उत्तराखंड प्रभारी गौतम ने मीडिया से बातचीत में इस पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन के बूते उत्तराखंड में भाजपा 47 सीटें जीतकर दोबारा सत्ता में आने का इतिहास रचा है।

ऐसा पहली बार हुआ, जब कोई सरकार दोबारा सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने चुनाव में कड़ी मेहनत और ईमानदारी के साथ काम किया है। हाईकमान भी इस पर संगठन की पीठ थपथपा चुका है। दरअसल, विधानसभा चुनाव संपन्न होते हुए पार्टी के कई प्रत्याशियों ने पदाधिकारियों पर भितरघात के आरोप लगाए थे।

लक्सर के विधायक संजय गुप्ता ने तो मतदान संपन्न होते हुए सीधे-सीधे प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को निशाना बना दिया था और उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद चंपावत, काशीपुर, यमनोत्री सीटों के प्रत्याशियों ने भी पदाधिकारियों पर भितरघात के आरोप लगाने शुरू कर दिए थे। इससे भाजपा में प्रदेश नेतृत्व बदलने को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। भाजपा उत्तराखंड के चुनाव नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित हैं। इसके बाद ही उत्तराखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कसरत शुरू होगी।

Share This Article