Dehradun : उत्तराखंड: आप के नेताओं की नजरें हो गई खराब, उनको कुछ नजर नहीं आता - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड: आप के नेताओं की नजरें हो गई खराब, उनको कुछ नजर नहीं आता

Reporter Khabar Uttarakhand
3 Min Read
aapm admi party

aapm admi party

 

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया के उस बयान को हास्यास्पद बताया है, जिसमें उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें उनका और उनकी पार्टी का दृष्टि दोष है। दिल्ली में धरातल गवां चुकी आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के लोगों को भ्रमित कर यहां अपनी जमीन तैयार करने की जो कोशिश कर रही है, उसमें वह सफल नहीं होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में पूरी तरह असफल सिद्ध हुई है। कोरोना काल में दिल्ली में जो हालात पैदा हुए हैं, उससे साफ है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार पूरी तरह असफल सिद्ध हुई है। देश में जिन राज्यों में करोना की स्थिति सबसे भयंकर और नियंत्रण से बाहर रही है, उनमें दिल्ली शामिल है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को कोसने वाले केजरीवाल और सिसोदिया की आम आदमी पार्टी की सरकार को केंद्र सरकार की शरण में जाना पड़ा और केंद्र सरकार ने युद्ध स्तर पर किए गए प्रयासों और सहायता के दम पर ही दिल्ली में कोरोना पर नियंत्रण हो पाया। उन्होंने कहा कि यह वही आम आदमी पार्टी है, जो अपने मोहल्ला क्लिनिकों का जमकर प्रचार करती थी। लेकिन, कोविड-19 में इन क्लिनिकांे पर जब उनकी सबसे अधिक जरूरत थी, ताले लटके रहे और आम जनता को कोई मदद नहीं मिली। इसके अलावा कोविड काल में आप सरकार दिल्ली में एक भी कोविड अस्पताल स्थापित नहीं कर पाई।

भगत ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार इतनी अधिक असंवेदनशील और असफल सिद्ध हुई कि उसने दिल्ली में रह रहे लाखों मजदूरों को दिल्ली छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। लोग जिन बुरे हालात में दिल्ली से निकले, उसे पूरी दुनिया ने देखा। उत्तराखंड के लाखों लोग दिल्ली छोड़ कर वापस उत्तराखंड आने पर मजबूर हुए। यहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा सरकार और भाजपा संगठन ने उनका स्वागत किया। अब आम आदमी पार्टी किस मुंह से उत्तराखंड की जनता के बीच में आ रही है। यही कारण है कि आप नेता झूठ व दुष्प्रचार का सहारा के रहे हैं। लेकिन, अब इस फरेब में कोई आने वाला नहीं है।

Share This Article