Highlight : लोहाघाट में वन-वे व्यवस्था से व्यापारी नाराज, विरोध के चलते पुलिस ने बदली व्यवस्था - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

लोहाघाट में वन-वे व्यवस्था से व्यापारी नाराज, विरोध के चलते पुलिस ने बदली व्यवस्था

Yogita Bisht
3 Min Read
व्यापारी नाराज

लोहाघाट नगर की यातायात व्यवस्था में पुलिस ने बड़ा बदलाव किया है। पुलिस ने टैक्सी व माल वाहक वाहनों के लिए नगर में दो दिन पहले वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी थी। जिसका व्यापारियों ने जमकर विरोध किया है। व्यापारियों के विरोध के बाद पुलिस ने इस व्यवस्था को बदल दिया है।

लोहाघाट में वन-वे व्यवस्था से व्यापारी नाराज

एसएचओ लोहाघाट अशोक कुमार ने बताया उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक स्टेशन के वीर कालू सिंह चौराहे से मीना बाजार की ओर कोई भी टैक्सी व माल वाहक वाहन संचालित नहीं होंगे। इन वाहनों को जीआईसी से जयंती भवन होते हुए नगर में प्रवेश करना होगा। पुलिस की इस नई ट्रैफिक व्यवस्था से नगर के व्यापारी और ट्रांसपोर्टर भड़क गए।

व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

रविवार को व्यापारियों ने एसएचओ अशोक कुमार से व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया के नेतृत्व में मुलाकात की। ऐसी ट्रैफिक व्यवस्था संचालित करने की मांग की जो जनता व व्यापारियों के हित में हो। व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया, रवि पुनेठा, भैरव दत्त राय, दीपक ओली, मनोज गर्ग आदि ने कहा इस नई व्यवस्था से व्यापारियों का व्यापार चौपट होने लगा है। समय पर उनका माल नहीं उतर पा रहा है। इसके साथ ही जनता को भी काफी दिक्कत इस नई व्यवस्था से होने लगी है।

व्यापारियों ने कहा जल्द ही इस मामले में पुलिस कप्तान से मुलाकात की जाएगी। इसके साथ ही व्यापारियों ने चेतावनी दी है अगर जल्द प्रशासन ने व्यापारियों व जनता के हित में नई योजना नहीं बनाई तो व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे मामले में बाजार बंद का निर्णय भी लिया जा सकता है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।

विरोध के चलते पुलिस ने बदली वन-वे व्यवस्था

व्यापारियों के भारी विरोध के चलते पुलिस को वन वे व्यवस्था बदलनी पड़ी। एसएचसो लोहाघाट ने बताया कि व्यापारियों को दिक्कत ना हो और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर वन वे व्यवस्था को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कोई भी वाहन स्वामी नगर में सड़क के किनारे अपने वाहन खड़ा नहीं करेगा। वहीं वन-वे व्यवस्था हटने से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।