Uttarakhand : अमृत सरोवर के निर्माण स्थल पर आ धमका बाघ, श्रमिकों में मची अफरा-तफरी, घंटों रहा कार्य बाधित - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

अमृत सरोवर के निर्माण स्थल पर आ धमका बाघ, श्रमिकों में मची अफरा-तफरी, घंटों रहा कार्य बाधित

Sakshi Chhamalwan
2 Min Read
TIGER

प्रदेश के कई दिनों में इन दिनों बाघ ने आतंक मचाया हुआ है। ताजा मामला पौड़ी जनपद के कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लॉक का है। बाघ प्रभावित गांव मेलधार के डुंगरियाल तोक में अमृत सरोवर में निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार दोपहर में निर्माण स्थल पर अचानक बाघ धमक गया। इस दौरान निर्माण स्थल पर काम कर रहे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई।

श्रमिकों में मची अफरा-तफरी

श्रमिकों ने बाघ को भगाने के लिए पत्थर भी फेंके लेकिन वह झाड़ियों में ही दुबका रहा। जिसके बाद ग्राम प्रधान की ओर से इसकी सूचना वन कर्मियों को दी गई। जानकारी के अनुसार रिखणीखाल ब्लॉक के ग्राम पंचायत मेलधार के प्रधान खुशेंद्र सिंह ने बताया कि इन दिनों मेलधार गांव के डुंगरियाल तोक में अमृत सरोवर का निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार दोपहर 2:30 बजे के आस पास बाघ निर्माण स्थल में आ धमका।

घंटों तक बाधित रहा निर्माण कार्य

बाघ को देखने के बाद श्रमिकों ने शोर मचाया। जिसके बाद बाघ पास में ही झाड़ियों में दुबक कर बैठ गया। श्रमिकों ने बाघ को भगाने के लिए पत्थर भी फेंके। लेकिन बाघ झाड़ियों के बीच ही बैठा रहा। इस दौरान करीब एक घंटे तक निर्माण कार्य बाधित रहा। मामले के संबंध में दीवा रेंज अधिकारी को सूचना दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार गढ़वाल वन प्रभाग के दीवा रेंज अधिकारी महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मेलधार गांव में बाघ दिखने की सूचना मिली है। वन कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। गुरूवार को वह खुद गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ग्रामीणों से लेंगे।

Share This Article
Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।