Big News : ऋषिकेश-शिवपुरी के बीच जाम में फंसे हजारों यात्री, पुलिस नदारद, यात्री परेशान - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

ऋषिकेश-शिवपुरी के बीच जाम में फंसे हजारों यात्री, पुलिस नदारद, यात्री परेशान

Reporter Khabar Uttarakhand
2 Min Read
bdarinath-kedarnath

bdarinath-kedarnathऋषिकेश: इन दिनों चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। ऋषिकेश से बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए बड़ी संख्या में यात्री रवाना हो रहे हैं। इसके चलते ऋषिकेश से शिवपुरी के बीच भयंकर जाम लगा रहा है। जाम में हजारों यात्री वाहन फंसे हैं। चिलचिलाती गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो रहा है, लेकिन जाम खुलवाने के लिए पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है। जबकि शिवपुरी में पुलिस चैकी भी है।

चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस पुख्ता इंतजामों के दावे तो जरूर करती है, लेकिन धरातल पर वो दावे कहीं नजर नहीं आते। ऋषिकेश-बद्रीनाथ-केदारनाथ मार्ग पर आए दिन यात्रियों को जाम से जूझना पड़ता है। आज भी हजारों यात्री वाहन सुबह से ही जाम में फंसे हैं, लेकिन जाम हटाने के लिए पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है। लोग वाहनों के भीतर ही गर्मी से बेहाल हो रहे हैं।

दरअसल, शिवपुरी के आसपास इन दिनों राफ्टिंग का सीजन भी चल रहा है। इस कारण वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। राफ्टिंग के लिए आने वाले वाहन भी सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं, जिससे जाम की स्थिति और भयंकर हो जाती है। आए दिन ऋषिकेश और शिवपुरी के बीच जाम लगा रहता है। बावजूद इससे निपटने के लिए कोई स्थाई इंतजाम नहीं किया जा रहा है। इससे देश के कोने-कोने से आने वाले तीर्थ यात्रियों को परेशान होना पड़ता है।

Share This Article