Uttarakhand : किसानों ने किया आज महापंचायत करने का ऐलान, 11 बजे बंद हो जाएंगे सभी स्कूल, देखें क्या है प्रमुख मांगें - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

किसानों ने किया आज महापंचायत करने का ऐलान, 11 बजे बंद हो जाएंगे सभी स्कूल, देखें क्या है प्रमुख मांगें

Sakshi Chhamalwan
2 Min Read
mahapanachayat ka elan

उत्तराखंड किसान मोर्चा ने आज महापंचायत करने का ऐलान किया है। इस दौरान उकिमो के पदाधिकारी किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने के साथ ही मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम या एडीएम को सौंपेंगे।

ये होगा किसानों का प्लान

जानकारी के अनुसार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन ने बताया कि सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं को लेकर कतई गंभीर नजर नहीं आ रही है। जिस वजह से वो सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। आज सोमवार दोपहर 12 बजे सभी किसान बोट क्लब पर एकत्रित होंगे।

जिसके बाद सभी किसान ट्रैक्टरों से रैली निकालते हुए रोडवेज बस अड्डे से होते हुए एसडीएम चौक पर पहुंचेंगे। वहां पहुंचकर सभी किसान अपने वाहनों को हाईवे पर आईआईटी जाने वाले खाली मार्ग पर खड़े करेंगे। साथ ही एसबीआई वाली रोड पर सड़क पर बैठकर महापंचायत करेंगे।

इन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे किसान

  • किसानों पर अभी तक हुए हर प्रकार के कर्ज माफ किए जाएं।
  • किसानों को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर एक साल तक ट्यूबवेलों पर बिजली मुफ्त दी जाए।
  • किसानों को गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाए।
  • इस मानसून में बाढ़ में किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा 10 हजार रुपये प्रति बीघा दिया जाए।

11 बजे तक बंद कर दिए जाएंगे सभी स्कूल

उत्तराखंड किसान मोर्चा की होने वाली महापंचायत में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर आने के अनुमान को देखते हुए 11 बजे तक शहर के सभी स्कूल बंद कर दिए जाएंगे। किसानों की रैली का समय 12 बजे का रखा गया है। इसके आसपास कुछ स्कूलों की छुट्टी हो जाती है। ऐसे में बच्चे जाम में न फंसे इसके मद्देनजर प्रशासन ने सभी स्कूल रैली से पहले बंद करने के निर्देश दिए हैं।

Share This Article
Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।