Big News : लकड़ी बीनने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, डेढ़ किलोमीटर घसीटता हुआ ले गया शव - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

लकड़ी बीनने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, डेढ़ किलोमीटर घसीटता हुआ ले गया शव

Yogita Bisht
2 Min Read
tiger attack

नैनीताल जिले के रामनगर में बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामनगर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला के जंगल में एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। बाघ महिला के शव को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

रामनगर में महिला को बाघ ने बनाया निवाला

रामनगर के ढेला के जंगल में एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ महिला को जंगल में डेढ़ किमी तक घसीटता हुआ ले गया। महिला का शव घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर बरामद हुआ है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसर गया है।

लकड़ी बीनने के लिए जंगल में गई थी महिला

मिली जानकारी के मुताबिक रामनगर ढेला मार्ग पर स्थित पटरानी (कारगिल) गांव की तीन महिलाएं जंगल में लकड़ी बीनने के लिए गई थी। इसी दौरान अनीता पत्नी रमेश राम (35 वर्ष) पर बाघ ने हमला कर दिया। अनीता के उसके साथियों को ना मिलने के कारण साथी महिलाओं ने ग्रामीणों को सूचित किया। महिला की खोजबीन की गई तो उसका शव वनकर्मियों को तीन घंटे बाद डेढ़ किमी दूर जंगल में मिला।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद से ही ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम हो रहा है। आए दिन बाघ के हमले में लोगों की मौत हो रही है। भाजपा नेता राकेश नैनवाल सहित ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई की मांग की है। जबकि वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों को जंगल में जाने के लिए मना किया गया है। इसके बाद भी वो जंगल जाना बंद नहीं कर रहे हैं।

Share This Article
Follow:
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।