Entertainment : बॉलीवुड अभिनेता की बढ़ी मुश्किल, कार की टक्कर से घायल हुए शख्स की मौत - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

बॉलीवुड अभिनेता की बढ़ी मुश्किल, कार की टक्कर से घायल हुए शख्स की मौत

Reporter Khabar Uttarakhand
3 Min Read
bollywood news

bollywood news

हिट एंड रन केस में बॉलीवुड अभिनेता रजत बेदी मुसीबत में आ गए हैं। हाल ही में अभिनेता रजत बेदी ने मुंबई के अंधेरी इलाके में राजेश बौध नाम के एक शख्स को अपनी कार से टक्कर मार दी थी। इसके बाद रजत बेदी ने घायल शख्स को कूपर अस्पताल में भर्ती करवाया था। जहां अब उस शख्स की मौत हो गई है। राजेश बौध को भर्ती करवाने के बाद रजत बेदी ने पीड़ित के परिवार को उसका इलाज करवाने का पूरा आश्वासन दिया था, लेकिन परिवार का आरोप था कि पीड़ित को भर्ती करवाने के बाद रजत बेदी दोबारा अस्पताल में नहीं आए।

304-ए के तहत नया मामला दर्ज

इसके बाद पीड़ित के परिवार ने रजत बेदी के खिलाफ डीएन नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया था। हालांकि अभिनेता रजत बेदी के मैनेजर हमेशा से यह कहते रहे हैं कि रजत बेदी और उनके दोस्तों ने पीड़ित की इलाज करवाने में पूरी मदद की थी। अब खबर है कि रजत बेदी की कार से घायल होने वाले राजेश बौध की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने अब अभिनेता के खिलाफ आईपीसी की धारा 304-ए के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है।

मीडिया रिपोट्स के अनुसार राजेश बौध की रजत बेदी की कार से लगी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई है। इस मामले में रजत बेदी के मैनेजर ने बयान जारी कर कहा है कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना, हालांकि यह रजत की गलती नहीं थी क्योंकि वह वास्तव में धीमी गति से गाड़ी चला रहे थे।  राजेश अचानक रजत की कार के सामने आ गया था। अंधेरी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास वह पूरी तरह नशे में था।

मैनेजर ने आगे कहा कि टक्कर लगने के बाद रजत खुद घायल को तुरंत कूपर अस्पताल ले गए थे। उनकी हर संभव मदद भी की थी। रात को 3.30 बजे ब्लड की व्यवस्था की और उनके परिवार का समर्थन किया। दुख की बात है कि उनका निधन हो गया। गौरतलब है कि राजेश बौध को रजत बेदी की कार से टक्कर मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे शीतला देवी मंदिर के पास लगी थी। उस समय रजत बेदी अपने घर जा रहे थे।

Share This Article