Big News : गैरसैंण को लेकर फिर गरमाई सियासत, कांग्रेस और बीजेपी में मचा घमासान - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

गैरसैंण को लेकर फिर गरमाई सियासत, कांग्रेस और बीजेपी में मचा घमासान

Yogita Bisht
3 Min Read
गैरसैंण विधानसभा भवन

एक तरफ प्रदेश में केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो गया है। सभी केदारनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव के परिणामों की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को लेकर एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। पक्ष-विपक्ष में एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

गैरसैंण को लेकर फिर गरमाई सियासत

प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी बीते 8 दिनों में दो बार गैरसैंण जा चुके हैं। जिसमें एक बार मुख्यमंत्री केदारनाथ चुनाव प्रचार के बीच गैरसैंण पहुंचे और भू-कानून और पलायन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। दूसरी बार मुख्यमंत्री प्रचार खत्म होते ही फिर गैरसैंण पहुंचे और वहां उन्होंने ना केवल जनता की समस्याएं सुनी बल्कि रात्रि प्रवास भी किया। इसी के साथ बिना सत्र के ऐसा करने वाले वो पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। लेकिन कांग्रेस इसे उनका राजनीतिक स्टंट बता रही है।

गैरसैंण में विकास के नाम पर नहीं हुआ कोई काम

पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत ने सत्तापक्ष के साथ ही विपक्ष को भी कटघरे में खड़ा किया है। हरक सिंह रावत का कहना है कि चाहे सत्तापक्ष के विधायक हो या विपक्ष के सब गैरसैंण के साथ धोखा कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार गैरसैंणवासियों के साथ धोखा कर रही है। 3 से 4 दिन से ज्यादा सत्र आयोजित नहीं किया जाता है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गैरसैंण में विकास के नाम पर कोई काम नहीं हुआ है सिर्फ बीजेपी राजनीतिक स्टंट के लिए चोचले बाजी कर रही है

गैरसैंण को विकसित करने के लिए भाजपा सरकार कर रही काम

हरक सिंह रावत के बयान पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता विपिन्न कैंथोला का कहना है कि कांग्रेस के नेता इस तरह की बयानबाजी करते रहते हैं। उत्तराखंड राज्य के निर्माण में बीजेपी ने पूरा योगदान दिया है। काग्रेस के तमाम नेता इस राज्य के स्थापना के विरूद्ध रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरक सिंह को जनता को बताना चाहिए कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने वाली सरकार बीजेपी की थी। गैरसैंण को विकसित करने के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है और समय-समय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वहां जाकर समीक्षा बैठक करते है।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।