Highlight : 72 घंटे में पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, घर में पड़ा मिला था महिला का शव - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

72 घंटे में पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, घर में पड़ा मिला था महिला का शव

Yogita Bisht
2 Min Read
ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

पुलिस ने 72 घंटे के भीतर महिला के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। 25 नवंबर को रूड़की के सत्ती मोहल्ले में एक महिला का शव उसी के घर में पड़ा हुआ मिला था। इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।

72 घंटे में पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

25 नवंबर को कोतवाली रुड़की क्षेत्र के सत्ती मोहल्ले में 55 वर्षीय महिला रेखा का लहूलुहान शव उसके घर में मिला था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। महिला ब्याज पर पैसे देने का काम करती थी।

जांच में सामने आया कि आरोपी महिला रुबीना ने मृतका रेखा से ब्याज पर पैसे उधार लिए थे। रुबीना पहले से ही कई बैंकों से लोन ले चुकी थी और अन्य महिलाओं को भी लोन दिलवाने का काम करती थी। कर्ज का बढ़ता बोझ और बार-बार तकादा किए जाने से परेशान होकर उसने महिला की हत्या कर दी।

घर में पड़ा मिला था महिला का शव

आरोपी ने बताया कि वो घटना वाले दिन रेखा के घर पैसे लेने के बहाने पहुंची। उसने पहले रेखा से बातचीत की और फिर पाइप रिंच से उस पर कई बार वार कर दिया। जिससे रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के गहने और नकदी लेकर भागने से पहले गले में चुन्नी बांधकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटनास्थल के आसपास के 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। जांच में संदिग्ध रुबीना का नाम सामने आया। पूछताछ के दौरान रुबीना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।