टेनिस में देश की स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा अब टेनिस कोर्ट में नजर नहीं आएंगी। सानिया ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने पहुंचीं सानिया ने कहा है कि 2022 उनका आखिरी सीजन होगा। यानी इस साल वह आखिरी बार कोर्ट पर दिखेंगी। उनकी और यूक्रेन की नादिया किचेनोक की जोड़ी को स्लोवेनिया की तमारा जिडानसेक और काजा जुवान की जोड़ी ने 4-6 6-7(5) से हरा दिया।
सानिया ने कहा कि 2022 मेरा आखिरी सीजन होगा। मैं हफ्ते दर हफ्ते आगे की तैयारी कर रही हूं, लेकिन ये पक्का नहीं है कि मैं आगे पूरा सीजन खेल पाऊंगी या नहीं। पहले दौर में हारने के बाद सानिया ने कहा कि मुझे लगता है मैं बेहतर खेल सकती हूं, लेकिन अब शरीर साथ नहीं दे पा रहा। ये मेरे लिए सबसे बड़ा दुख है।
सानिया मिर्जा ने महिला डबल्स में 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2015 में विम्बलडन और यूएस ओपन का खिताब जीता था। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में वो 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2012 में फ्रेंच ओपन और 2014 में यूएस ओपन का खिताब जीत चुकी हैं। 35 साल की सानिया भारत की सबसे बड़ी महिला टेनिस स्टार हैं। उन्होंने टेनिस में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत 2003 में की थी।
पिछले 19 साल से वह लगातार टेनिस खेल रही हैं और कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की जीत भी दिलाई है। वह अपने करियर में डबल्स में नंबर-1 भी रह चुकी हैं। सानिया को कलाई में चोट के कारण सिंगल्स से हटना पड़ा था। भारत की दो महिला टेनिस खिलाड़ियों ने अब तक डब्ल्यूटीए टाइटल जीता है। सानिया उनमें से एक हैं। वह सिंगल्स में शीर्ष 100 में पहुंचने वाली अकेली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।