Papua New Guinea में तीन दिन पहले हुए भूस्खलन में 2,000 से ज्यादा लोग जिंदा मलबे में दफन हो गए हैं। अब लोगों के जीवित बचे होने की उम्मीद कम है।
पापुआ न्यू गिनी के रक्षा मंत्री बिली जोसेफ ने मीडिया रिपोर्ट मे कहा कि एंगा प्रांत के माईप-मुलिताका क्षेत्र में छह दूरदराज और पहाड़ी गांवों में 4000 लोग रह रहे थे। जब शुक्रवार को तड़के भूस्खलन हुआ था तो अधिकांश परिवार सो रहे थे। एक जगह लगभग दो मंजिल ऊंचे मलबे के नीचे 150 से ज्यादा घर दब गए। बचावकर्मियों ने जमीन के नीचे से चीखें सुनी। एक स्थानीय निवासी ने मीडिया रिपोर्ट में बताया कि मेरे परिवार के 18 सदस्य मलबे और मिट्टी के नीचे दबे हुए हैं, जिस पर मैं खड़ा हूं और गांव में मेरे परिवार के बहुत से सदस्य हैं, जिनकी मैं गिनती नहीं कर सकता। लेकिन मैं शव नहीं निकाल सकता इसलिए मैं असहाय होकर यहां खड़ा हूं।
दबे लोगों को ढूंढना काफी चुनौतीपूर्ण
वहीं भूस्खन में दबे लोगों को ढूंढना काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। भूस्खलन में ध्वस्त इमारतें और लोग कई मीटर तक नीचे दबे हो सकते हैं। वहीं अभी तक भूस्खलन होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन माना जा रहा है कि ज्यादा बारिश होने के कारण ऐसा हुआ होगा।