Char Dham Yatra 2023 : केदार बाबा के दर्शन के लिए शुरू होगी हेली सेवा, अप्रैल से खुल सकती है ऑनलाइन बुकिंग - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

केदार बाबा के दर्शन के लिए शुरू होगी हेली सेवा, अप्रैल से खुल सकती है ऑनलाइन बुकिंग

Sakshi Chhamalwan
2 Min Read
HELI SEWA

चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा के लिए इस बार भी नौ एविएशन कंपनियों के साथ उत्तराखंड सरकार कॉन्ट्रैक्ट करने जा रही है। इसके लिए एविएशन कंपनियों से दो मार्च तक टेंडर मांगे गए हैं। हेली सेवा संचालन के लिए कंपनियों का चयन और किराया तय होने के बाद अप्रैल से ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने की संभावना है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। जिसमें किराये की दरें, हेली सेवा में अनुभव व अन्य तकनीकी मानकों के बाद ही कंपनी का चयन किया जाएगा। यूकाडा का प्रयास है कि मार्च में कॉन्ट्रैक्ट की प्रक्रिया पूरी कर अप्रैल माह से हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की जाए।

बढ़ सकता है किराया

बता दे इस बार हेली सेवाओं के किराये में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी संभावित है। बीते तीन सालों से हेली सेवा का किराया नहीं बढ़ा था। इस बार किराये की दरें बढ़ने की खासी सम्भावना है।

हेली टिकटों की काला बाजारी पर लगेगी रोक

चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ हेली सेवा के लिए तीर्थयात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग के बाद यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों की शिकायत रहती है कि तय किराये से अधिक दरों पर टिकट बेचे जाते हैं। इसे देखते हुए इस बार हेली सेवा की टिकटों की बुकिंग की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी को दी जा रही है।

कंपनियां मिली तो सहस्रधारा से भी शुरू हो सकती हेली सेवा

गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा में हेली सेवा के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ी रहती है जिस को देखते हुए इस बार सरकार का प्रयास सहस्रधारा से भी हेली सेवा शुरू करने की है। इसके लिए यूकाडा ने कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। अभी तक सहस्रधारा से चार्टर्ड हेलिकाप्टर की सुविधा है। जिसमें हेलिकॉप्टर का किराया तीन लाख से अधिक होता है। लेकिन कम किराये में सहस्रधारा से हेली सेवा का संचालन करना कंपनियों के लिए संभव नहीं होगा।

Share This Article
Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।