Big News : भारी बारिश ने कम की रफ्तार, प्रदेश की 338 सड़कें बाधित - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

भारी बारिश ने कम की रफ्तार, प्रदेश की 338 सड़कें बाधित

Yogita Bisht
2 Min Read
Rain wreaks havoc on Delhi-Dehradun National Highway, a part of the road closed due to complete collapse

प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। बारिश के कारण अब तक उत्तराखंड में 360 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। जबकि 52 लोगों के मारे जाने की खबर है। बारिश से सबसे नुकसान प्रदेश की सड़कों को हुआ है। प्रदेश की 338 सड़कें बंद हैं।

बारिश से भारी नुकसान प्रदेश की 338 सड़कें बंद

लगातार हो रही बारिश उत्तराखंड में आफत बनकर बरस रही है। भारी बारिश के कारण सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश की 338 सड़कें बंद हो गई हैं। जिसमें बद्रीनाथ, यमुनोत्री समेत चार राष्ट्रीय राजमार्ग और 39 राज्य मार्ग भी शामिल हैं।

सड़कों को खोलने की जा रही कोशिश

प्रदेश में बंद सभी सड़कों को खोलने की लगातार कोशिश की जा रही है। लेकिन पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण इसमें दिक्कत हो रही है। लोनिवि की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार तक प्रदेश की 167 सड़कें बंद थी।

लेकिन लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोमवार को 195 सड़कें और बंद हो गई। जिसके बाद प्रदेश की कुल 362 सड़कें बाधित हो गई। जिसमें से 24 सड़कों को खोल दिया गया है। लेकिन 338 अब भी बंद हैं।

ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 12 जगहों पर बाधित

भारी बारिश के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाईवे कई जगहों पर बंद है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क को खलने के काम में बाधा आ रही है। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बारिश के कारण मलबा आने से 12 जगहों पर बाधित है।

कई गांवों का टूटा संपर्क

बारिश के कारण सड़कें बंद होने से कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। जिसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को रोजमर्रा के सामान के लिए भी कई किमी पैदल चलकर जाना पड़ रहा है। बीमारों और प्रसव पीड़िताओं को डोली, डंडी-कंडी से ले जाया जा रहा है।

Share This Article
Follow:
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।