Highlight : केदारनाथ धाम तक स्थानीय लोगों के लिए निशुल्क हेली सेवाएं, आज से हो जाएंगी शुरू - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

केदारनाथ धाम तक स्थानीय लोगों के लिए निशुल्क हेली सेवाएं, आज से हो जाएंगी शुरू

Yogita Bisht
2 Min Read
kedarnath dham

केदारनाथ धाम तक जाने वाले स्थानीय लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब केदारनाथ जाने के लिए स्थानीय लोगों को निशुल्क हेली सेवाएं दी जाएंगी। बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ धाम के लिए स्थानीय लोगों के आवागमन हेतु विशेष रूप से हैली का संचालन किया जा रहा है।

15 सितंबर से निर्बाध ढंग से शुरू हो जाएगी केदारनाथ यात्रा

31 जुलाई को केदारघाटी में हुई अतिवृष्टि के बाद केदारनाथ धाम की यात्रा अवरुद्ध हो गई थी। हालांकि इस बीच राज्य सरकार के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को फिर से संचालित करने हेतु युद्ध स्तर पर कार्य किए गए हैं। अब धीरे-धीरे केदारनाथ धाम की यात्रा फिर पटरी पर आने लगी है। आशा व्यक्त की जा रही है कि द्वितीय चरण की यात्रा आगामी 15 सितंबर से निर्बाध ढंग से व वृहद स्तर पर संचालित होना शुरू हो जाएगी।

केदारनाथ धाम तक स्थानीय लोगों के लिए निशुल्क हेली सेवाएं

जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ धाम के लिए स्थानीय लोगों के आवागमन हेतु विशेष रूप से हैली का संचालन किया जा रहा है। अतिवृष्टि के बाद ऐसे व्यापारी जो केदारनाथ में स्वयं का व्यवसाय कर रहे थे तथा उनका रेस्क्यू कर वापस लाया गया था। उनके लिए कल से निःशुल्क हेली सेवा शुरू की जा रही है।

इच्छुक स्थानीय ग्रामीणों से आवेदन की अपील

जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि इस विशेष हेली सेवा का संचालन हिमालय शेरसी हैलीपैड से किया जाएगा। उन्होंने इच्छुक स्थानीय ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग केदारनाथ में दर्शन करने अथवा अपना व्यवसाय हेतु जाना चाहते हों वो अपने व्यवसाय से संबंधित दस्तावेज सहित अपना संपूर्ण विवरण संबंधित ग्राम प्रधान को उपलब्ध कराएं। ताकि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उन्हें हेली के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचाया जा सके।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।