ईद-उल-जूहा यानी बकरीद का पर्व प्रदेश में शांति से मनाया जाए इसे लेकर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार ने बैठक ली। जिसमें उन्होंने प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था पर DGP अशोक कुमार ने ली बैठक
बकरीद का पर्व प्रदेश में शांति और सौहार्द से मनाया जाए इसको लेकर DGP अशोक कुमार ने बैठक ली। जिसमें उन्होंने परिक्षेत्र एवं जनपद प्रभारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से ईद-उल-जूहा (बकरीद) पर्व पर पुलिस व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबन्धों के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सभी जनपद प्रभारी रहें सुपर एलर्ट मोड पर
डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि ईद-उल-जूहा पर्व को देखते हुए सभी जनपद प्रभारी सुपर एलर्ट मोड पर रहें। इसके साथ ही उन्होंने रक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्तकता बरतें, पैट्रलिंग बढ़ाएं और फोर्स डिप्लॉयमेंट अच्छा होना चाहिए।
नमाज ईदगाहों या अन्य निर्धारित स्थानों पर की जाए अता
डीजीपी ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन कराते हुए सुनिश्चित करा लें कि सामूहिक कुर्बानी स्लॉटर हाउस में या फिर पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही हों। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नमाज ईदगाहों या अन्य निर्धारित स्थानों पर ही अता की जाए। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों का लगातार दौरा किया जाए।
शांति समिति की गोष्ठी कराई जाए
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी जनपदों में थानाध्यक्ष, सीओ, एसडीएम, एसएसपी एवं जिलाधिकारी स्तर पर शांति समिति की गोष्ठी करा ली जाए। त्यौहार रजिस्टर का अध्ययन कर बीते सालों के सभी विवाद व मुकदमों की वर्तमान स्थिति को देखा जाए और उनका उचित समाधान कराया जाए।
सोशल मीडिया पर अफवाह ना फैलाई जाए
डीजीपी अशोक कुमार ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों या किसी तरह की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्यवाही की जाए। अगर किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाई जाती है तो तत्काल उसका खंडन किया जाए।