National : भगवान बिरसा मुंडा के वंशज का निधन, पीएम मोदी व झारखंड सीएम ने शोक व्यक्त किया - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

भगवान बिरसा मुंडा के वंशज का निधन, पीएम मोदी व झारखंड सीएम ने शोक व्यक्त किया

Renu Upreti
2 Min Read
Descendant of Lord Birsa Munda passes away

आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा का 29 नवंबर को रांची में निधन हो गया। हादसे में घायल होने के बाद पिछले चार दिनों से रांची के RIMS हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। मंगल मुंडा के निधन पर पीएम मोदी के साथ-साथ झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने शोक जताया है।

पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, भगवान बिरसा मुंडा जी के वंशज मंगल मुंडा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना उनके परिवार के साथ ही झारखंड के जनजातीय समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों को संबल प्रदान करें। ओम शांति।

खूंटी में सड़क दुर्घटना में घायल दुख जताया

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी मंगल मुंडा की मौत पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होनें अपने पोस्ट में लिखा, रिम्स में इलाजरत भगवान बिरसा मुंडा के वंशज श्री मंगल मुंडा जी के निधन की खबर से अत्यंत दुखी हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।

खूंटी में सड़क दुर्घटना में घायल हुए मंगल मुंडा

बता दें कि 25 नवंबर की रात मंगल मुंडा खूंटी में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन ने रिम्स के ट्रामा सेंटर एंड सेंट्रल इमरडेंसी पहुंचकर मंगल मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी उनके परिजनों से ली थी। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके उपचार से संबंधित बातचीत भी की थी और बेहतर इलाज के साथ सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

Share This Article