Big News : कांग्रेस ने BJP पर लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप, राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपा शिकायती पत्र - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

कांग्रेस ने BJP पर लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप, राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपा शिकायती पत्र

Yogita Bisht
4 Min Read
आचार संहिता के उल्लघंन का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर नगर निकाय चुनावों के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आज राज्य निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र सौंपा है।

कांग्रेस ने BJP पर लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

कांग्रेस ने बीजेपी के नेताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने कहा कि करन माहरा ने आयोग को लिखे शिकायती पत्र में आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पदों का दुरुपयोग करते हुए चुनाव को प्रभावित करने की दृष्टि से सरकारी घोषणाएं की जा रही हैं।

CM और कैबिनेट मंत्री कर रहे लोकलुभावन घोषणाएं

राज्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे पत्र में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा है कि उत्तराखण्ड राज्य में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया गतिमान है। जिसके चलते राज्यभर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते राज्य सरकार द्वारा नीतिगत फैसले तो लिए जा सकते हैं परन्तु लोकलुभावन घोषणाएं आदर्श चुनाव आचार संहिता के उलंघन की श्रेणी में आती हैं।

ये घोषणाएं आती हैं आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में

करन माहरा ने कहा कि राज्य की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्य द्वारा दिनांक 7 जनवरी 2025 को विधानसभा स्थित सभागार में राज्य के सभी जिला पूर्ति अधिकारियों की वर्चुवल बैठक के माध्यम से कामकाज की समीक्षा के नाम पर सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों के आवंटन में महिला आरक्षण की घोषणा की गई।

राशन कार्ड धारकों को सस्ता गल्ला दुकानों के माध्यम से खाद्य तेल दिए जाने की घोषणा आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। इसी प्रकार राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा नगर निकाय चुनाव को प्रभावित करने की दृष्टि से दिनांक 8 जनवरी 2025 को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए सेवानिवृत्ति के उपरान्त पेंशन योजना लागू किए जाने की घोषणा भी आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

कांग्रेस ने घोषणाओं पर घोर आपत्ति की दर्ज

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि सीएम धामी टिहरी के चुनावी भ्रमण के दौरान मलेथा में स्व माधो सिंह भंडारी की स्मृति में आयोजित मेले के अवसर पर कई विकास योजनाओं की घोषणायें की गई हैं। जो कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उलंघन है। कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा की गई घोषणाओं पर घोर आपत्ति दर्ज करती है।

कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि सीएम धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा की जा रही लोकलुभावन घोषणाओं का संज्ञान लेते हुए इस प्रकार की घोषणाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही सम्बन्धितों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आज प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट और सोशल मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह, मुकेश सिंह चौहान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की ओर से निर्वाचन आयोग को पत्र सौंपा।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।