शहर की सड़कों पर घूमते आवारा मवेशियों के कारण कभी ना कभी आपको भी परेशानियों का सामना करना पड़ा होगा। कई बार मवेशियों के कारण सड़क हादसे होते हैं। जिनमें लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ती है। लेकिन अब आवारा जानवरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सड़कों पर घूमते आवारा जानवर नहीं करेंगे परेशान
हल्द्वानी में आवारा जानवरों की धरपकड़ के लिए नगर निगम अभियान चला रहा है। सोमवार को शहर के चौक-चौराहों में बैठे दर्जनभर से भी ज्यादा जानवरों को काऊ केचर द्वारा पकड़ा गया। जिसके बाद उनको गौशालाओं में छोड़ा गया। बता दें कि आवारा पशुओं के कारण हल्द्वानी में कई सड़क हादसे हो गए हैं। जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है।
आवारा गौवंश को पकड़ने के लिए नियमित चलाया जाएगा अभियान
उप नगर आयुक्त तुषार सैनी ने बताया कि जिलाधिकारी ने निराश्रित, आवारा पशुओं के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद हल्द्वानी में सोमवार को सुबह 5ः30 बजे से 9 बजे के बीच आवारा घूमते 10 गौवंशों को पकड़ा गया। जबकि शाम 5ः30 बजे दो गौवंशों को पकड़कर कुल 12 गौवंशों को गौशाला में छोड़ा गया। बता दें कि आवारा गौवंशों को पकड़ने का अभियान नियमित चलाया जाएगा।