Uttarakhand Loksabha Elections : Lok Sabha Elections 2024 : दो सीटों में अभी तक नहीं किए प्रत्याशी घोषित, प्रचार में पिछड़ रही कांग्रेस - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

Lok Sabha Elections 2024 : दो सीटों में अभी तक नहीं किए प्रत्याशी घोषित, प्रचार में पिछड़ रही कांग्रेस

Sakshi Chhamalwan
3 Min Read
मालचंद का इस्तीफा Congress released second list of 43 candidates

उत्तराखंड में चुनाव का बिगुल बज चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने पांचों दिग्गजों को मैदान में उतार दिया है। जिसके बाद पांचो प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में हुंकार भर दी है। उधर कांग्रेस पार्टी ने अभी उत्तराखंड की हरिद्वार और नैनीताल सीट से उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

कांग्रेस की तीसरी सूची आज होगी जारी

हरिद्वार और नैनीताल सीट पर प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी है। कांग्रेस पिछले 48 घंटे के मंथन के बाद भी दोनों सीटों के लिए टिकट फाइनल नहीं कर पाई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस गुरुवार शाम को प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी करेगी। जिसमें उत्तराखंड की दो सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया जाएगा।

हरिद्वार और नैनीताल सीट से इन नामों पर बनी सहमति

पार्टी सूत्रों के मुताबिक हरिद्वार संसदीय सीट से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नैनीताल से पूर्व सांसद महेंद्र पाल के नाम पर सहमति बनी है। हालांकि पार्टी हाईकमान की ओर से अभी इन नामों का ऐलान होना बाकी है। बता दें हरिद्वार सीट से हरीश रावत अपने बेटे वीरेंद्र के लिए टिकट मांग रहे थे। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा इस बात पर अड़े थे कि यहां से हरीश रावत खुद मैदान में उतरे।

वहीं नैनीताल सीट पर कई दावेदार होने से आपसी खींचतान चल रही थी। नैनीताल सीट से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, भुवन कापड़ी, महेंद्र पाल, रणजीत रावत, प्रकाश जोशी के नामों की चर्चा हो रही थी। आर्य के नाम पर तकरीबन सहमति बनी हुई थी। लेकिन आर्य चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे। जिसके चलते महेंद्र पाल का नाम फाइनल किया है।

BJP के दिग्गज मैदान में, कांग्रेस नेता इंतजार में

भाजपा ने अपनी पांचों सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दी है। जिसके बाद से प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। भाजपा की तुलना में कांग्रेस प्रचार में पिछड़ रही है। हरिद्वार सीट से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रचार के लिए मोर्चा संभाल लिया है। लेकिन कांग्रेस में हरिद्वार और नैनीताल सीट पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं हुआ है। जिससे साफ है कि कांग्रेस को जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की जरुरत है।

Share This Article
Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।