Big News : गंगोत्री हाईवे पर चारधाम यात्रियों की बस हादसे का शिकार, खाई में गिरकर पेड़ से जा अटकी, तीन की मौत - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

गंगोत्री हाईवे पर चारधाम यात्रियों की बस हादसे का शिकार, खाई में गिरकर पेड़ से जा अटकी, तीन की मौत

Yogita Bisht
2 Min Read
bus accident

गंगोत्री हाइवे पर मंगलवार देर रात चारधाम यात्रियों की बस गंगनानी के पास हादसे का शिकार हो गई। बस 20 मीटर गहरी खाई में गिरकर पेड़ से जा अटकी। इस हादसे में चीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि कई घायल हैं। चालक समेत पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चारधाम यात्रियों की बस हादसे का शिकार

मंगलवार देर रात गंगोत्री हाईवे पर यात्रियों की बस गंगनानी के पास गहरी खाई में जा गिरी और एक पेड़ से जाकर अटक गई। मिली जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार रात करीब 9:15 बजे हुआ। बस गंगोत्री धाम से श्रद्धालुओं को लेकर उत्तरकाशी लौट रही थी। हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।

हादसे में तीन महिलाओं की मौत

रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसे में दीपा (55) निवासी हल्दूचौड़, हल्द्वानी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य दो घायल महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 29 यात्री सवार थे।

पांच घायलों को किया गया एम्स रेफर

मिली जानकारी के मुताबिक चालक विजय कुमार, रमेश चंद्र तिवारी, उनकी पत्नी गीता, दीपा पांगती और लीलाधर पांडे गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। सभी घायल हल्द्वानी के रहने वाले हैं। बता दें कि बस में सवार यात्री हल्द्वानी, दिल्ली और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

Share This Article
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।