लोकसभा चुनाव नजदीक हैं जिसे लेकर अब उत्तराखंड में राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। जहां एक ओर कांग्रेस तैयारी कर रही है तो वहीं बीजेपी भी पीछे नहीं है।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर
प्रदेश में लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है। पार्टी संगठन लगातार हर वर्गों के साथ बैठक करने में जुटा हुआ है। कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के पदाधिकारी बैठकें कर रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।
पार्टी सभी वर्गों के बीच जा रही – महेंद्र भट्ट
हल्द्वानी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा की वो सभी जिलाध्यक्षों प्रभारी और अन्य पदाधिकारी के साथ बातचीत करने में लगे हुए हैं कि आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों को किस तरीके से किया जाए। इसको लेकर बैठकों का दौर जारी है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा की 2024 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी सभी वर्गों के बीच जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। उसका किस तरह से लाभ उन तक पहुंचे इसको लेकर भी पार्टी कार्य कर रही है।
कांग्रेस भी जुटी तैयारियों में
जहां एक ओर बीजेपी की तैयारियां लोकसभा चुनावों के लिए पूरी नजर आ रही हैं तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी तैयारियों में अपना पूरा दमखम लगा रही है। लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस प्रदेशभर में भूतपूर्व सैनिकों के सम्मेलन कराने जा रही है। इसके साथ ही कांग्रेस अनुसूचित और जनजाति विभाग के भी सम्मेलन कराएगी।