Big News : COVID-19: भारत में लौटा कोरोना, देशभर में अलर्ट जारी, इन राज्यों में मिले कोविड के मरीज - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

COVID-19: भारत में लौटा कोरोना, देशभर में अलर्ट जारी, इन राज्यों में मिले कोविड के मरीज

Uma Kothari
3 Min Read
covid-19-rising-again-in-india

COVID-19 Cases Rising Again In India: एशिया के कई देशों में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दी है। ऐसे में भारत में भी कोरोना पैर पसार रहा है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य एजेंसियों की विशेषज्ञों के साथ बैठकें हो रही हैं और केंद्र सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हालांकि भारत में हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। आंकड़ों के मुताबिक 12 मई के बाद से अब तक देशभर में COVID-19 के 164 केस सामने आए हैं।

केरल और महाराष्ट्र में COVID-19 के सबसे ज्यादा केस

देश में अगर बात करें तो केरल फिलहाल सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां कोरोना के 69 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र का नंबर आता है। जहां 44 एक्टिव मरीज हैं।

तमिलनाडु में 34, कर्नाटक में 8, गुजरात में छह और दिल्ली में तीन एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। वहीं हरियाणा, राजस्थान और सिक्किम में एक-एक केस की पुष्टि हुई है।

नया वैरिएंट बना चिंता की वजह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात के पीछे कोरोना का नया वैरिएंट JN.1 ज़िम्मेदार है। ये ओमिक्रॉन के BA.2.86 स्ट्रेन का म्यूटेशन है। सिंगापुर, हॉन्ग कॉन्ग और कुछ अन्य एशियाई देशों में इसी वैरिएंट ने रफ्तार पकड़ ली है और वहां कोविड केस तेजी से बढ़ रहे हैं।

ये भी पढ़े:- COVID-19 : एक बार फिर कोरोना की दस्तक! इन देशों में गंभीर मामले, मुंबई में मौतें, क्या यात्रा करना सही?

मुंबई में दो मरीजों की मौत

इस बीच मुंबई से दो मौतों की खबर भी आई है। केईएम अस्पताल में दो कोविड पॉजिटिव मरीजों की जान चली गई। हालांकि बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने ये स्पष्ट किया है कि मौतों की वजह कोविड नहीं। बल्कि उनकी पुरानी बीमारियां थीं। एक मरीज ओरल कैंसर से पीड़ित था। तो वहीं दूसरे को नेफ्रोटिक सिंड्रोम था।

सरकार की तैयारी और नजर

देश में भले ही केस कम हैं। लेकिन सरकार किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार राज्यों से रिपोर्ट ले रहा है और ज़रूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। यात्रियों की स्क्रीनिंग, अस्पतालों की तैयारी और टेस्टिंग की रफ्तार पर भी नजर रखी जा रही है।

Share This Article