दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है और खुजली की समस्या भी हो रही है।
क्या हुआ था?
दररअसल, बीजेपी पार्टी ने गुरुवार को यमुना के प्रदूषित पानी में डुबकी लगाई थी और 2025 तक इसे साफ करने के बाद वादे को पूरा करने में विफलता के लिए दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला। मीडिया रिपोर्ट की जानकारी के मुताबिक, सचदेवा ने कहा, आज यमुना में डुबकी लगाकर मैंने न केवल यमुना सफाई के मामले में केजरीवाल सरकार के धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के लिए माफी मांगी, बल्कि फरवरी 2025 में सत्ता में आने पर यमुना सफाई प्राधीकरण स्थापित करने का भी संकल्प लिया। भगवा पार्टी ने केजरीवाल और आतिशी के लिए दो वीआईपी कुर्सियों के साथ एक मंच भी बनाया था।
एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप जारी
बता दें कि बीजेपी और आतिशी सरकार भारी प्रदूषण और जहरीले झाग को लेकर एक- दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। दिल्ली बीजेपी चीफ वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी सरकार से यमुना की सफाई के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए गए 8,500 करोड़ रुपये का हिसाब देने को कहा।
सौरभ भारद्वाज ने किया पलटवार
वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए कहा कि यमुना मं इंजस्ट्रियल वेस्ट पानीपत और सोनीपत के नालों से बहता है। इस बात की पुष्टि एनजीटी ने भी की है।
दिल्ली में कोई भी इंडस्ट्री इस वेस्ट के लिए जिम्मेदार नहीं है। अगर सचदेवा गंभीर हैं, तो उन्हें हरियाणा सरकार के साथ इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए।