National : 4 से 8 अक्टूबर तक 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना, तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

4 से 8 अक्टूबर तक 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना, तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Renu Upreti
2 Min Read
There is a possibility of heavy rain in 13 states from October 4 to 8

उत्तर बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके चक्रवात में बदलने की संभावना है। अगल 48 घंटे में इसके और मजबूत होने की संभावना है। ऐसे में 4 से 8 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

तेज रफ्तार से चल सकती है हवाएं  

कुछ राज्यों में अभी भी बारिश और बाढ़ के हालात हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मन्नार की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात के चलते 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों, खासकर मछुआरों को अगले सात दिन पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी की ओर न जाने की सलाह दी है।

इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, अरूणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में 4 से 8 अक्टूबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर में भी 5 और 6 अक्टूबर को बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।

बिहार में बाढ़ से हाल खराब

उधर, बिहार में भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अधिकांश जगहों पर कोसी, गंडक, बागमती, महानंदा और गंगा समेत अन्य नदियों का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान के ऊपर हैं। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा और सारण सहित 17 बाढ़ प्रभावित जिलों के लाखों मुश्किल झेल रहे हैं।

Share This Article