Big News : Lok Sabha Election 2024 : कांग्रेस ने एक सीट पर पुराने तो दो पर नए चेहरों पर खेला दांव - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

Lok Sabha Election 2024 : कांग्रेस ने एक सीट पर पुराने तो दो पर नए चेहरों पर खेला दांव

Yogita Bisht
4 Min Read
कांग्रेस प्रत्याशी

लोकसभा चुनावों के लिए मंगलवार को कांग्रेस ने उत्तराखंड में तीन लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। अल्मोड़ा सीट पर जहां कांग्रेस ने पुराने चेहरे पर ही भरोसा जताया है तो वहीं दूसरी ओर टिहरी और गढ़वाल सीट पर नए चेहरों पर दांव खेला है।

गढ़वाल सीट से गणेश गोदियाल को बनाया उम्मीदवार

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल को पौड़ी गढ़वाल से इस बार मैदान में उतारा गया है। इस सीट पर 2019 में बीजेपी नेता तीरथ सिंह रावत ने बड़े अंतर से चुनाव जीता था। जबकि कांग्रेस से चुनाव लड़े मनीष खंडूरी दूसरे स्थान पर रहे थे।

मनीष पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूरी के बेटे हैं। जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए हैं। सूत्रों की मानें तो पौड़ी गढ़वाल सीट पर मनीष खंडूरी के नाम पर विचार किया जा रहा था लेकिन वो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल में हो गए। इसके बाद गणेश गोदियाल का नाम आगे आ गया।

गणेश गोदियाल को जुलाई 2021 में राज्य कांग्रेस प्रमुख बनाया गया था। लेकिन 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद उन्हें पद से इस्तीफा दे दिया। पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक गणेश गोदियाल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के धन सिंह रावत से हार गए थे।

अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा पर जताया भरोसा

प्रदीप टम्टा ने साल 2009 से 2014 तक अल्मोड़ा निर्वाच अगला क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। प्रदीप टम्टा ने 2009 में अल्मोड़ा लोकसभा सीट का चुनाव कांग्रेस से जीता था। लेकिन बीजेपी के उम्मीदवार अजय टम्टा ने 2014 और 2019 के लोकसभा इलेक्शन में उन्हें करारी मात दी।

बता दें कि साल 2009 के लोकसभा चुनाव में प्रदीप टम्टा ने भाजपा के अजय टम्टा को 6,523 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं 2014 के चुनाव में अजय टम्टा ने प्रदीप टम्टा को 95,690 वोटों के अंतर से हराया था। जिसके बाद साल 2019 में दोनों एक बार फिर से आमने-सामने थे। जिसमें अजय टम्टा ने बाजी मारी।

क्या राजघराने का तिलिस्म तोड़ पाएंगे गुनसोला

मसूरी से दो बार विधायक रहे जोत सिंह गुनसोला टिहरी गढ़वाल सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। वो पहली बार 2002 में और फिर 2007 में विधायक चुने गए। उन्होंने दो बार मसूरी नगर परिषद के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।

बता दें कि इस बार टिहरी सीट पर कांग्रेस ने चेहरे को बदला है। पिछली बार प्रीतम सिंह को इस सीट से माला राज्य लक्ष्मी को टक्कर देने के लिए मैदान में उतारा गया था लेकिन उन्हें करारी हार झेलनी पड़ी। अब कांग्रेस के जोत सिंह गुनसोला का मुकाबला टिहरी गढ़वाल से भाजपा की माला राज्य लक्ष्मी शाह से होगा जो कि इस सीट से मौजूदा सांसद हैं। देखना ये होगा कि क्या जोत सिंह गुनसोला टिहरी राजघराने का तिलिस्म तोड़ पाएंगे।

Share This Article
Follow:
योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।