खटीमा : 2022 के विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही वक्त बचा है। चुनाव आयोग किसी भी दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। ऐसे में सरकार अपनी हर उपब्धि को जनता तक पहुंचाने का मौका नहीं छोड़ना चाहती है। विधानसभा के चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले शुक्रवार को प्रदेश की भाजपा सरकार का मेगा इवेंट आयोजित किया गया। प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके जरिए सरकार की पांच साल की उपलब्धियों को साझा किया गया।
कार्यक्रम के जरिए विधानसभा विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन भी किए गए। मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र खटीमा के कार्यक्रम में रहे, जबकि हर विधानसभा में कार्यक्रम की अध्यक्षता वहां के पार्टी विधायक ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी 70 विस क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रम में लाइव संबोधित किया। मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि केदानाथ के नवनिर्माण से लेकर ऑल वेदर रोड और जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं हैं।
देहरादून में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के जीएमएस रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में कार्यक्रम आयोजित किया। हरिद्वार में यह कार्यक्रम ऋषिकुल मैदान में आयोजित किया गया। जहां पंडाल में चार हजार के करीब लोग पहुंचे। इनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल रहे। यहां सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक शामिल रहे। हल्द्वानी में शीश महल स्थित निजी बरात घर में मुख्यमंत्री के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। इस दौरान सांसद अजय भट्ट मौजूद रहे।
इस मेगा इवेंट के आयोजन के लिए प्रदेश सरकार ने 8.40 करोड़ रुपये बजट की व्यवस्था की है। हर विधानसभा के कार्यक्रम पर 12 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शासन से सभी जिलाधिकारियों को कार्यक्रम के आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा से संबोधित किया। इसे सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सुना गया। हर विधानसभा में कार्यक्रम स्थल पर एलईडी लगाई गई।
सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम के जरिये प्रदेश सरकार ने अपने पांच साल की उपलब्धियों का प्रचार किया। इस दौरान विभिन्न विभागों को प्रदर्शनी लगाने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए जा सकते हैं। सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों को भी कार्यक्रम में बुलाया गया है।