Dehradun : स्व. प्रकाश पन्त की प्रथम पुण्यतिथि पर कैबिनेट मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने की श्रद्धांजलि अर्पित - Khabar Uttarakhand - Latest Uttarakhand News In Hindi, उत्तराखंड समाचार

स्व. प्रकाश पन्त की प्रथम पुण्यतिथि पर कैबिनेट मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने की श्रद्धांजलि अर्पित

Reporter Khabar Uttarakhand
3 Min Read
appnu uttarakhand news

appnu uttarakhand newsदेहरादून : स्व. प्रकाश पन्त की प्रथम पुण्यतिथि पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत विधानसभा अध्यक्ष और तमाम भाजपा नेता और शासन के अधिकारियों ने उनकी तस्वीर में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुबोध उनियाल ने उनके देहरादून आवास पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके देहरादून आवास पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनियाल ने इस अवसर पर सोशल डिस्टन्सिंग का ध्यान रखते हुए स्व. प्रकाश पन्त जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उनके प्रदेश के लिए किये जनकल्याण के कार्यों को याद किया। सुबोध उनियाल ने कहा कि स्व0 पन्त जी का हमें छोड़ जाना प्रदेश ही नहीं देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता है। प्रदेश की कई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए पन्त जी का सदैव यह प्रदेश ऋणी रहेगा। विजय कालोनी देहरादून में उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में शेखर तिवारी सदस्य बार काउंसिल उत्तराखण्ड, कपील सामन्त पूर्व जनसंपर्क अधिकारी, अरूण उनियाल, किशन सिंह मेहता आदि मौजूद थे।

वहीं विधानसभा भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर अग्रवाल ने कुमाऊंनी बोली में उत्तराखंड आने वाले प्रवासियों के नाम एक संदेश पत्र भी जारी किया।

मृदुभाषी, सरल हृदय और संसदीय कार्यों के ज्ञाता को कभी भुलाया नहीं जा सकता- अध्यक्ष

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रकाश पंत जी का जाना उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। कहा कि विधानसभा में सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष के आक्रामक सवालों के जवाब जिस शालीनता से प्रकाश पंत देते थे, वह उनकी वाकपटुता की कला थी। विपक्ष भी उनके विचारों को ध्यान से सुनता था और सहमत भी होता था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने एक कुशल संगठनकर्ता, साहित्यकार और लेखक को खो दिया। मृदुभाषी, सरल हृदय एवं संसदीय कार्यों के ज्ञाता स्व. पंत को उत्तराखंड विधानसभा कभी नहीं भूल पाएगी।

उत्तराखंड विधानसभा के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष होने का गौरव- विस अध्यक्ष

विस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष होने का गौरव उन्हें प्राप्त था। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा की आधारशिला रखी। इस अवसर पर संयुक्त सचिव मदन कुंजवाल, उप सचिव चंद्र मोहन गोस्वामी, उप सचिव मुकेश सिंघल, अनु सचिव नरेंद्र रावत, अनु सचिव नीरज थापा, वरिष्ठ निजी सचिव राजेंद्र चौधरी, अनु सचिव हेम पंत, हेम गुरानी, मुकेश हटवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी घर उपस्थित थे।

Share This Article