पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पंजाबी लोगों पर बड़ा हमला हुआ है। यहां उग्रवादियों ने 23 लोगों को बस और ट्रकों से उतारकर गोलियों से भून दिया। हथियारबंद लोगों ने उनका आईडी चेक करने के बहाने उन्हें बस से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें गोलियों से भून दिया। इस घटना में निशाना पंजाबी लोगों को बनाया गया है।
पंजाब प्रांत के रहने वाले है मृतक
मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान पंजाब प्रांत के रहने वाले लोगों के रुप में की गई है। हालांकि अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। 10 वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया है। बता दें कि चार महीने पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था।
क्या है इस हमले की वजह?
दरअसल, बलूचिस्तान का एक हिस्सा पंजाबियों को पसंद नहीं करता है। जिसका सबसे बड़ा कारण इस इलाके में रहने वाले पख्तून, बलूच और मुहाजिर का अपनी पहचान के लिए आंदोलन करना है। उनका कहना है कि उनकी सभ्यता 5 हजार साल पुरानी है। वह अपने आप को अलग देश मानते हैं। पाकिस्तान की सीमा को भी वह कई सालों से नकारते आ रहे हैं। लोगों का मानना है कि सत्ता में पंजाबी लोगों की अधिक संख्या है। वह लगातार बलूचिस्तान के संसाधनों पर अपन कब्जा करते आ रहे हैं। इसी को लेकर बलूचिस्तान के लोग लगातार हमले कर रहे हैं।